समस्तीपुर में घर से 500 मीटर दूर एक गाछी में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका ।FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य ।सुबह शौच के लिए निकली थी ।दोपहर में पत्तों से ढका मिला शव ।
Samastipur Headline desk : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में आज एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दोपहर में उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक गाछी में पत्तों से ढका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।मृतका की पहचान अख्तियारपुर बलभद्र पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी अखिलेश चौरसिया की पत्नी 31 वर्षीय ललिता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, ललिता गुरुवार सुबह करीब पांच बजे घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान दोपहर में घर के पीछे गाछी में पत्तों से ढका उनका शव मिला। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना को लेकर सदर एसडीपीओ-1 सतीश कुमार सुमन ने बताया कि सरायरंजन पुलिस को अख्तियारपुर में एक महिला का शव बरामद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। महिला का शव उसके घर से करीब 500 मीटर दूर बांस की झाड़ी में मिला है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है।एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।









