समस्तीपुर में होटल संचालक को गोली मारने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे दोनों

Samastipur Headline: समस्तीपुर में होटल संचालक अभिनंदन कुमार को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारकर गंभीर रूप से जख्मी करने के मामले में एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ और डीआईयू की टीम ने छापेमारी कर नेपाल भागने की फिराक में लगे दो अपराधियों को मधुबनी से गिरफ्तार किया है। वहीं, फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।
बताते चले कि जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ स्थित एसएच-88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के पास होटल संचालक अभिनंदन कुमार को गोली मारने के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। एसटीएफ और डीआईयू की टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे और उन्हें मधुबनी में नेपाल सीमा के पास से पकड़ा गया है।गौरतलब है कि गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे बदमाशों ने होटल संचालक अभिनंदन कुमार (28) पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई थीं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। अभिनंदन हलई थाना क्षेत्र के वनबीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया था।पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चार बदमाशों की पहचान की है। इनमें से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, ताजपुर थाना क्षेत्र से भी कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए भी छापेमारी कर रही है।शुरुआती जांच में घटना का कारण लेनदेन से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, अभिनंदन कुमार को कुछ महीने पहले भी हत्या की धमकी मिली थी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस से शिकायत भी की थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।








