
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर के मुसरीघरारी चौराहा NH-28 पर पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे अलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर सड़क जाम कर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के आवेदन पर पुलिस ने फोरलेन निर्माण जन संघर्ष समिति से जुड़े छह नामजद सहित करीब 25 से 30 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, 13 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे फोरलेन निर्माण जन संघर्ष समिति के संयुक्त संयोजक उमेश झा अपने समर्थकों के साथ मुसरीघरारी चौराहे पर पहुंचे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी। जाम में आम राहगीरों के साथ जरूरी काम से जा रहे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद मुसरीघरारी थाने में सड़क जाम करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में उमेश झा, रंजीत निर्गुणी, प्रभास कुमार ईश्वर उर्फ बेलनी, सुशील कुमार राय, संजीव कुमार इंकलाबी और गोविंद झा को नामजद किया गया है। वहीं, 25 से 30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।









