समस्तीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओ ने सुनी PM मोदी के ‘मन की बात’, महिला सशक्तीकरण और नशामुक्ति पर दिया जोर
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का रविवार को समस्तीपुर जिला मुख्यालय के हरपुर ऐलौथ स्थित बूथ संख्या-130 क्षेत्र में सामूहिक श्रवण किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके लाभार्थियों में 46 प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने कृषि और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे नए प्रयोगों की भी सराहना की।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे और ड्रग्स से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब लोग किसी स्थान को साफ रखने का संकल्प लेते हैं तो उस जगह की पहचान और तस्वीर दोनों बदल जाती हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार पासवान रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा किसान मोर्चा जिला उत्तरी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने की। मौके पर भाजपा जिला प्रवक्ता विजय सिंह, भाजपा नेता ललन पाठक, दीपक सत्यार्थी, अनिल कुमार, जीविका दीदियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।









