रेल लाइन पर काम करने के दौरान पैर फिसलने से रेलकर्मी की मौत
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क: सोनपुर रेल मंडल के हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड पर अवस्थित विद्यापतिधाम और मोहिउद्दीननगर रेलवे स्टेशन के बीच बढ़ौना गांव के समीप बुधवार को रेल लाइन पर काम करने के दौरान एक रेलकर्मी की गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर रेल व स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के इंग्लिश रतनपुर रसीदपुर निवासी विनो मांझी के पुत्र विजय मांझी ( 46 ) के रूप में हुई है। बताया गया है कि विजय मांझी ठेकेदार के माध्यम से रेलवे में काम करते थे। अन्य दिनों की भांति बुधवार को भी वह अन्य कर्मियों के साथ रेलवे लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत होने की बात जानकारी सामने आ रही है। घटना के बाद वहां काम कर रहे अन्य कर्मियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में घटना की सूचना स्थानीय लोगों तक पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर रेल व स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी अन्य कर्मियों से ली। वहीं शव को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस की ओर से मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दिए जाने की बात कही गई है। उधर घटना की खबर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेल लाइन पर काम करने के दौरान रेलकर्मी के पैर फिसलने से गिरने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मामला स्पष्ट रूप से सामने आएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी हुई रही है।









