समस्तीपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, वांछित अपराधी के पैर में लगी गोली । सदर अस्पताल में कराया भर्ती ।
Samastipur Headline desk: समस्तीपुर जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर हाई स्कूल के समीप पुलिस की मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल अपराधी की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के नीरपुर निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष का नाम जिले के वांछित अपराधियों में शामिल है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस की टीम अपराधी तक कैसे पहुंची ,इसे लेकर आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है ।वहीं, घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए जब पुलिस के वरीय अधिकारियों से सवाल किए गए, तो वे मीडिया के सवालों से बचते नजर आए।








