
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क: बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद के तत्वावधान में आयोजित पॉलिटेक्निक डिप्लोमा प्रवेश परीक्षा जिले के विभिन्न केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा समाप्त होते ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अपने-अपने घर लौटने के लिए समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गए, जिससे स्टेशन परिसर में अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर परीक्षार्थियों का सैलाब देखने को मिला। आने वाली हर ट्रेनों में चढ़ने के लिए छात्रों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। ट्रेन पकड़ने के लिये परीक्षार्थी प्लेटफॉर्म के दूसरी तरफ रेलवे ट्रैक पर खड़े दिखे। कई छात्र ट्रेन के दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर दिखे। जनरल कोच क्षमता से कई गुना अधिक भरे नजर आए। इस के अलावे रिजर्वेशन बोगी पर भी परीक्षार्थियों का कब्जा रहा। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि मौके पर तैनात आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारियों और जवानों ने लगातार गश्त करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल की भी तैनाती की गई थी। रेल पुलिस के जवान छात्रों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने और उतराने में जुटे रहे। सुरक्षा बलों की सतर्कता और तत्परता के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। परीक्षा समाप्ति के बाद समस्तीपुर जंक्शन परीक्षार्थियों की आवाजाही से पूरी तरह व्यस्त बना रहा। स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्म पर देर रात तक भीड़ का दबाव बना रहा।









