
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : भारतीय जनता पार्टी समस्तीपुर उत्तरी के तत्वावधान में शंभूपट्टी स्थित एक रिसोर्ट में शनिवार से दो दिवसीय आवासीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर, दीप प्रज्ज्वलन तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया। प्रथम सत्र में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की तथा कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नीलम सहनी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में भाजपा के संगठनात्मक इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी का संयोजन वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में किया गया। अन्य सत्रों में उत्तर-पूर्व क्षेत्र के प्रशिक्षण प्रमुख राजेंद्र भंडारी ने एकात्म मानव दर्शन एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य ललन मंडल ने मीडिया विमर्श, प्रशिक्षण प्रमुख राजकुमार शर्मा ने विचार परिवार की अवधारणा, संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने कार्यकर्ता विकास एवं आचरण तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन ने पार्टी की कार्यपद्धति पर मार्गदर्शन दिया। व्यवहारिक सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने सामाजिक अध्ययन, मीडिया प्रबंधन तथा बूथ स्तर पर डेटा के उपयोग को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण वर्ग में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रामसुमरन सिंह, विधान पार्षद तरुण चौधरी, विधायक वीरेंद्र पासवान, बिहार राज्य सवर्ण आयोग के सदस्य जयकृष्ण झा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग को कार्यकर्ताओं के वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।









