
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर में बंद पड़े दूधपूरा हवाई अड्डा का जीर्णोद्धार कर उसे चालू करने, बंद पड़े समस्तीपुर चीनी मिल एवं ठाकुर पेपर मिल को पुनः चालू करने तथा मुक्तापुर स्थित रामेश्वर जूट मिल का विकास-विस्तार कर उसके नियमित संचालन की गारंटी करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले समाहरणालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सरकारी बस स्टैंड से जुलूस निकालकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान बंद पड़े उद्योगों को चालू करने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग उठाई।

समाहरणालय द्वार पर आयोजित सभा की अध्यक्षता मोर्चा के शंकर प्रसाद साह ने की। सभा को विभिन्न संगठनों के दर्जनों नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि जिले के प्रमुख उद्योगों एवं संस्थानों के बंद होने से हजारों लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को अविलंब इन संस्थानों को चालू करने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। सभा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपर समाहर्ता को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल थे।









