
समस्तीपुर हेडलाइन: मुफस्सिल थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शहर के मोहनपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप से चोरी की एक स्कॉर्पियो के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह रही कि वाहन पर लगा नंबर प्लेट विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार की गाड़ी का निकला। मामले का खुलासा होने के बाद थानाध्यक्ष ने तत्काल विधायक को इसकी सूचना दी।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के मोरा बुजुर्ग निवासी हेमनारायण राय के पुत्र राजीव कुमार तथा सरायरंजन थाना क्षेत्र के गांवपुर निवासी विनोद झा के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बता दें कि गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि मोहनपुर रोड में चोरी की एक स्कॉर्पियो का नंबर प्लेट बदला जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन के साथ दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान वे वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें थाना लाया गया। थाने में वाहन के नंबर प्लेट की जांच की गई तो वह विभूतिपुर विधायक अजय कुमार के नाम से रजिस्टर्ड निकला। संदेह होने पर पुलिस ने स्कॉर्पियो के चेसिस नंबर का मिलान किया, जिसमें नंबर प्लेट और वाहन के वास्तविक विवरण में अंतर पाया गया। इसके बाद चेसिस नंबर के आधार पर वाहन की असली पहचान की गई।









