
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति जुनून का शानदार परिणाम एक बार फिर समस्तीपुर के एथलीटों की उपलब्धियों में देखने को मिला। 92वीं बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में समस्तीपुर एथलेटिक्स संघ द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पदक जीतकर लौटे सभी 28 खिलाड़ियों को संघ के पदाधिकारियों ने बारी-बारी से मोमेंटो, जर्सी एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित चार दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में समस्तीपुर के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से अपनी अलग पहचान बनाई। जिले की टीम ने 8 स्वर्ण, 9 रजत एवं 11 कांस्य सहित कुल 28 पदक जीतकर सफलता का नया इतिहास रच दिया। इसके साथ ही अंडर-16 बालक वर्ग में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि अंडर-16 बालिका, अंडर-18 बालिका एवं सीनियर महिला वर्ग में उपविजेता बनकर समस्तीपुर की खेल प्रतिभा का परचम लहराया। रोहित कुमार ने 80 मीटर बाधा दौड़ और लंबी कूद में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खुशी रानी, वैष्णवी कुमारी, मानसी सिंह और रविशंकर कुमार सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया। वहीं अन्य खिलाड़ियों ने भी रजत और कांस्य पदक जीतकर समस्तीपुर की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष रज़ीउल इस्लाम, सचिव रुस्तम अली, कोषाध्यक्ष अब्बास हुसैन, आयोजन सचिव एस.एन. ठाकुर, संरक्षक डॉ. एन.के. आनंद, संगठन सचिव सुभीत कुमार सिंह, संयुक्त सचिव शाहिद आलम सहित संघ के सभी पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि समस्तीपुर के खिलाड़ियों की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यही खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर बिहार और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।









