
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सह निदेशक (निरूपण इकाई) पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को उनके छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
ईओयू ने इस मामले में थाना कांड संख्या-12/26 दर्ज कर विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त किया था। जांच के दौरान पवन कुमार के खिलाफ 3 करोड़ 89 लाख 79 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 103.94 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
इसी आधार पर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पटना, भागलपुर, नोएडा और दिल्ली में छापेमारी
ईओयू की अलग-अलग टीमों ने पटना के उत्तरी श्रीकृष्णापुरी स्थित यमुना निवास अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या बी-305 और उनके कार्यालय में तलाशी ली। इसके अलावा भागलपुर के आनंदगढ़ कॉलोनी, तिलकामांझी स्थित मकान, नोएडा सेक्टर-75 के फ्लैट, नोएडा के एक अन्य आवासीय ठिकाने तथा नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट पर भी एक साथ कार्रवाई की गई।
छापेमारी अभियान पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और अन्य तथ्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। फिलहाल सभी ठिकानों पर जांच जारी है।









