जलालपुर पहुंचे नीतीश कुमार, पंडित महेंद्र मिश्र की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार बुधवार को सारण जिले के जलालपुर पहुंचे। यहां उन्होंने जलालपुर बाजार स्थित महेंद्र चौक पर भोजपुरी लोकगीतों के अमर रचनाकार और स्वतंत्रता सेनानी पंडित महेंद्र मिश्र की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
नीतीश कुमार के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के जयघोष से क्षेत्र गूंजता रहा।
इस मौके पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मांझी विधायक रणधीर सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नीतीश कुमार ने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि नीतीश कुमार के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। वहीं विधायक रणधीर सिंह ने इसे मांझी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास और संगठन को नई ऊर्जा देने वाला है।
कार्यक्रम के बाद नीतीश कुमार पटना के लिए रवाना हो गए।









