
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह ने जिले के मोहनपुर एवं मोहिउद्दीन नगर प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन द्वारा की जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था, सामुदायिक रसोई का संचालन, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, दवाओं की उपलब्धता, नावों की उपलब्धता एवं संचालन, गोताखोरों की उपलब्धता सहित आपदा प्रबंधन से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित मंडल पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति एवं प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा आवश्यकतानुसार सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं सतर्कता बनाए रखने, आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, नाव एवं गोताखोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा दवाओं एवं अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया।
अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।









