बैंक से 70 हजार निकालकर लौट रही युवती से बैग समेत लूट, बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम।जांच में जुटी पुलिस।
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क :समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बुधवार दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर पैदल घर लौट रही युवती से बैग समेत 70 हजार रुपये लूट लिए। घटना मुसरीघरारी चौराहा से पश्चिम नायक पेट्रोल पंप के निकट सुबह करीब 11:15 बजे की है।पीड़िता की पहचान नगर पंचायत मुसरीघरारी के डगरूआ गांव निवासी मधुमिता कुमारी, पिता स्व. ललित कुमार झा के रूप में हुई है।थाने में दिए आवेदन में युवती ने बताया कि वह बुधवार को मुसरीघरारी स्थित एसबीआई शाखा से 70 हजार रुपये निकालकर पैदल घर लौट रही थी। नायक पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसका बैग झपट लिया। बैग में पूरे 70 हजार रुपये रखे थे।युवती के अनुसार, बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने चेहरे पर मास्क लगाया था। लूट के बाद दोनों पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए।पीड़िता ने थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का अनुरोध किया है। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि सूचना मिली है, सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है ।जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा ।









