
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क :समस्तीपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुरलख चौक के पास सोमवार शाम एक सनकी युवक ने परीक्षा देकर टोटो से घर लौट रही एक छात्रा को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। जख्मी छात्रा की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुदौली चांदोपट्टी मोहल्ला की रहने वाली है। टोटो चालक द्वारा छात्रा को उपचार के लिए निजी अस्पताल लाया गया। बाद में छात्रा के परिवार के लोगों को घटना की सूचना मिली तो मौके पर पहुंच छात्रा को देर शाम सदर अस्पताल लाया। छात्रा पर हमला करने वाला युवक छात्रा का पड़ोसी सुशील कुमार बताया गया है। जो घटना के बाद फरार हो गया। हालांकि छात्रा के परिवार वाले इस मामले में अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं।
घटना के संबंध में बतलाया गया है कि छात्रा पीजी सेमेस्टर 5 की परीक्षा देकर समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर से घर वापस चांदोपट्टी मोहल्ला टोटो से लौट रही थी। उक्त टोटो पर सुशील भी छात्रा के साथ बैठा था। टोटो चालक का बताना है कि दोनों शहर के कचहरी चौक पर टोटो में सवार हुए थे। दोनों आपस में आराम से बातचीत कर रहे थे। टोटा चालक ने बताया कि उनका टोटो जैसे ही धुरलख चौक के पास पहुंची और छात्रा उतरने ही वाली थी कि साथ बैठा युवक ने चाकू से उसपर हमला बोल दिया। यह देखकर वह घबरा गया और टोटो को वहीं रोक कर युवक को पकड़ना चाहा। लेकिन युवक मौके से फरार हो गया। बाद में टोटो चालक ने छात्रा को अस्पताल लाया और परिवार के लोगों को फोन किया। छात्रा के दोनों हाथ, गाल और पीठ पर चाकू से हमला किया गया है।बतलाया गया है कि 3 वर्ष पूर्व उक्त छात्रा अपने पड़ोस के ही युवक सुशील के साथ कहीं चली गई थी बाद में दोनों वापस घर आए और सामाजिक स्तर पर समझौता के तहत मामला को खत्म किया गया। फिर परिवार वालों ने छात्रा को कोलकाता में रहने वाले अपने संबंधी के यहां भेज दिया। पिछले 3 सालों से वह वहीं रह रही थी। सेमेस्टर 5 की परीक्षा शुरू होने पर वह चार दिन पहले समस्तीपुर आयी थी। वह तीन दिन परीक्षा दे चुकी है। एक दिन की परीक्षा बाकी थी। इसी दौरान यह घटना हुई। संभावना जताई जा रही है कि उक्त युवक छात्रा से पुन: साथ चहने के लिए कहा रहा था। लेकिन छात्रा ने साथ जाने से इंकार किया है जिसके बाद उसपर चाकू से हमला किया गया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने कहा कि छात्रा का बयान लिया जा रहा है। महिला पुलिस पदाधिकारी को इस कार्य के लिए लगाया गया है। छात्रा अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। ब्यान मिलते ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला प्रेम- प्रसंग से जुड़ा लग रहा है।









