
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की मंगलवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई I कैदी की मौत की ख़बर मिलने के बाद सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया । परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वाजितपुर करनेल वार्ड संख्या-1 निवासी स्वर्गीय बटोही महतो के 32 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार उर्फ बाबा के रूप में हुई है। घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि शराब मामले में बंद सुधीर कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया।

वही मृतक की पत्नी जूली देवी ने पटोरी उत्पाद थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस छापेमारी के दौरान उनके घर से कुछ बरामद नहीं हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस खुद दो लीटर शराब रखकर उनके पति को गिरफ्तार कर ले गई और केस कम करने के नाम पर ₹5000 भी वसूले। रविवार को गिरफ्तारी के दिन ही मेरे पति की पिटाई की गई थी। बाद में पुलिस ने फोन कर बताया कि उनकी तबीयत खराब है और अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का कहना है कि सुधीर कुमार पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें पहले कोई बीमारी नहीं थी। परिजन मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ़ कारवाई के साथ मृतक के आश्रित को मुआवजा देने की मांग कर रहे है I
इधर, जेल प्रशासन मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराने को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाने में जुटा रहा। मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है और जांच जारी है।









