
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र के रामनगर में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। झड़प की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर उग्र लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिस जवान घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर गांव में मुहर्रम जुलूस निकाले जाने के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर मथुरापुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान उग्र भीड़ ने एक पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को रामनगर भेजा गया। भारी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है।









