
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के भजनगामा गांव की कथित लापता छात्रा अनीसा कुमारी के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। इंटरनेट पर वायरल एक वीडियो में युवती ने स्वयं को जीवित और सुरक्षित बताते हुए अपनी मर्जी से प्रेम विवाह करने का दावा किया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया रूप ले लिया है और पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच में जुट गई है।
लापता छात्रा के परिजन के द्वारा थाने में दिए आवेदन के अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा अनीसा कुमारी 21 जून को घर से दवा लेने के लिए निकली थी , लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने जमीनी विवाद के कारण उसके अपहरण की आशंका जताते हुए 23 जून को विद्यापतिनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसी बीच, 28 जून को बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में तालाब किनारे बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव मिलने पर परिजनों ने उसकी पहचान अनीसा के रूप में की थी। इस सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिजन सोमवार सुबह शव को घर लाने की तैयारी कर रहे थे।इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने न केवल खुद को जीवित बताया, बल्कि अपनी इच्छा से प्रेम विवाह करने की बात भी कही और वीडियो 29 जून का बता उसने अपनी तस्वीर और एक अन्य वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह पूरी तरह सुरक्षित होने का दावा कर रही है। घटना के संबंध में विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि पुलिस को वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवती की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। बरामद होने के बाद उसका न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, युवती की वास्तविक स्थिति और बेगूसराय में मिले अज्ञात शव की पहचान से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच कर रही है।









