
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर नगर थाना क्षेत्र के रेलवे काॅलोनी रोड नंबर-3 में सोमवार की दोपहर दिनदहाड़े एक महिला रेल कर्मी के घर अज्ञात बदमाशों ने क्वार्टर के पीछे का दरवाजा तोड़ कर लाखों रुपये के आभूषण और नगद की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरी गये आभूषणों की कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के टाइगोर नगर के स्व. हरेंद्र पांडेय की पत्नी पूनम पांडेय के रूप में की गई है। घटना के संबंध में पीड़ित महिला का बताना है कि सोमवार की सुबह वह क्वार्टर बंदकर डीआरएम ऑफिस चली गयी। इसके बाद जब वह दोपहर में लंच करने पहुंची तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था I आलमारी में रखा आभूषण और नगद गायब था । पीड़िता का आरोप है की घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस शाम करीब सात बजे पहुंची। इसके बाद पीड़ित महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए नगर थाने में आवेदन दिया। महिला ने बताया कि क्वार्टर से सोने का तीन पीस चेन, सोने का एक पीस ब्रासलेट, सोने का चार पीस कान का टाप्स, सोने का चार पीस बाली, सोने का तीन पीस लाॅकेट, चांदी का 24 पीस सिक्का, 60 हजार नगद के अलावे 10 और 20 रूपये के करेंसी नोटों की कुछ गड्डी चोरी कर ली गयी। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।









