समस्तीपुर में मुहर्रम पर घर आए युवक की चाकू मारकर हत्या । शुक्रवार को युवक जाने वाला था दिल्ली ।जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क: जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के गद्दोपुर गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मो. गफ्फार के पुत्र मो. मद्दाम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक के भाई मो. सोहेल ने बताया कि मो. सद्दाम दिल्ली में वाहन चालक का काम करता था। वह मुहर्रम के मौके पर अपने गांव आया हुआ था और शुक्रवार को वापस दिल्ली लौटने वाला था। इसके लिए उसका टिकट भी पहले से बुक था।परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम गांव के ही पट्टीदार मो. जाकिर, मो. मुस्ताक, मो. महबूब और मो. पच्चू उसे घर से साथ लेकर निकले थे। लौटने के दौरान गांव के बगीचे के पास किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मो. जाकिर और मो. मुस्ताक ने सद्दाम को पकड़ लिया, जबकि मो. महबूब और मो. पच्चू ने उसके पेट और सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।घटना के दौरान सद्दाम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मृतक का पहले मो. महबूब से विवाद हुआ था। हालांकि बाद में समझौता हो गया था और दोनों परिवार सामान्य रूप से रह रहे थे। इसके बावजूद उन्हें आशंका है कि पुराने विवाद की रंजिश में ही सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।एएसपी संजय पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक और आरोपी आपस में पट्टीदार हैं तथा उनके बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक को बाजार घुमाने के बहाने साथ ले जाया गया और साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है, हालांकि अभी तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।









