समस्तीपुर में किसान की मेहनत पर फिरा पानी साथ ही लाखों का नुकसान, 15 कठ्ठा में लगी तैयार परवल की फसल जड़ से काटकर अज्ञात लोगों ने किया बर्बाद। पुलिस जांच में जुटी।

समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:समस्तीपुर में एक किसान की महीनों की मेहनत पर अज्ञात लोगों ने पानी फेर दिया। करीब 15 कठ्ठा में लगी परवल की फसल को जड़ से काटकर बर्बाद कर दिया गया। पीड़ित किसान ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है और पुरानी रंजिश में फसल काटने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पूरी घटना समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव की है जहां किसान की तैयार परवल की फसल को जड़ से काटकर बर्बाद कर दिया गया। किसान जब बाजार में बेचने के लिए परवल तोड़ने खेत पहुंचे तो करीब 15 कठ्ठा में लगे सभी परवल के पौधे कटे मिले। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी है।पीड़ित किसान पप्पू सिंह ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर 15 कठ्ठा जमीन में परवल की खेती की थी। फसल अच्छी हुई थी और कई बार परवल बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। लेकिन जब शुक्रवार को परवल तोड़ने खेत पहुंचे तो देखा कि सभी पौधों को जड़ से काट दिया गया है। किसान के अनुसार करीब 100 परवल के पौधे नष्ट कर दिए गए, जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
किसान की पत्नी चंद्रकला देवी ने वैनी थाना में आवेदन देकर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भूसकौल निवासी रामचंद्र सिंह पर आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि पहले उन्हें आर्थिक रूप से बर्बाद करने की धमकी दी गई थी। उनका आरोप है कि उनके बेटे पर रामचंद्र सिंह की बेटी के अपहरण का मामला दर्ज है और इसी रंजिश में परवल की फसल काटकर नुकसान पहुंचाया गया है।उधर, वैनी थानाध्यक्ष कल्पना कुमारी ने बताया कि परवल की फसल काटे जाने की शिकायत मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरी खबर देखने के लिए क्लिक करें हमारा यूट्यूब चैनल
Samastipur Headline









