
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : जिला मोटर व्यावसायी संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को बी एस एफ सी से जुड़े सभी ट्रक मालिकों की बैठक जितवारपुर में संपन्न हुई । बैठक में विभागीय पदाधिकारीयों से तंग आये ट्रक मालिकों ने सोमवार से संपूर्ण जिले में उठाव बहिष्कार की घोषणा की है । संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि दो चरणों में हो रहे लूट खसोट में सबसे पहले सी डब्लू सी जितवारपुर एवं एस डब्लू सी बाजार समिति से लोडिंग के वक्त ही इलेक्ट्रॉनिक धर्म कांटा को छेड़छाड़ कर एक से डेढ़ क्विंटल माल कम दिया जाता है वहीं प्रखंड के पी डी एस गोदामों पर भी गोदाम प्रबंधक द्वारा वहां धर्म कांटा रहने के बावजूद हाथ कांटा से वजन करा कर लगभग एक क्विंटल का अलग से शॉर्टेज दिया जाता है यानी कुल मिलाकर सभी ट्रकों पर दो से ढाई क्विंटल कम वजन बताकर उनका माल चालान रख लिया जाता है। ऐसी स्थिति में ट्रक मालिकों अथवा चालकों को घर से जुर्माना भरकर माल चलान वापस लेना पड़ता है अथवा उन्ही के पास छोड़ देना पड़ता है। हालात ऐसे हो गए हैं कि ट्रकों पर ड्राइवर मिलना मुश्किल हो गया है। ट्रक मालिकों का कहना है की जिला प्रबंधक के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी से इस संबंध में कई बार शिकायत की गई बाबजूद इस समस्या का कोई समुचित समाधान नहीं हो सका है I जिस कारण ट्रक मालिकों ने पूरी तरह उठाव कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। संघ के महासचिव संजीव कुमार सुमन ने बताया कि इस बार जब तक इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला जाता है तब तक ट्रक मलिक संपुर्ण जिले में सरकारी खाद्यान्न के उठाव का बहिष्कार करेंगे ।
इस बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष विशाल गौरव, सचिव राजबाला राय, उमेश राय, सुनील राय , विपिन राय, चंदन साह, लालू कुमार, राकेश कुमार, अर्जुन पासवान, अरविंद राय, राजेश राय , अजीत राय, गौरी कुमार, बलराम महतो, मंजय राय सहित दर्जनों ट्रक मालिक उपस्थित थे।









