
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय प्रखंड कार्यालय परिसर में विद्युत विभाग के द्वारा विशेष सोलर परामर्श एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया I कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा , उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह , और अधीक्षण अभियंता ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया I
शिविर का उद्देश्य जिले के अधिकाधिक विद्युत उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा से जोड़ना, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना तथा बैंक ऋण एवं सरकारी सब्सिडी संबंधी सभी सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। जिला प्रशासन द्वारा इस विशेष शिविर के माध्यम से 500 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

योजना के वित्तीय पक्ष को सरल बनाने के उद्देश्य से शिविर में कैनरा बैंक, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया सहित कुल 10 प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सहायता काउंटर स्थापित किए। बैंक अधिकारियों ने लाभुकों को सोलर संयंत्र स्थापना हेतु उपलब्ध ऋण, आसान किश्तों, रियायती ब्याज दरों एवं ऋण स्वीकृति प्रक्रिया के संबंध में ऑन-द-स्पॉट परामर्श प्रदान किया।
शिविर में सरकार द्वारा अधिकृत एवं पंजीकृत सोलर वेंडरों ने भी भाग लिया। उन्होंने लाभुकों को उनकी आवश्यकता एवं छत की क्षमता के अनुरूप उपयुक्त सोलर संयंत्र के चयन, उपकरणों की गुणवत्ता, वारंटी, स्थापना प्रक्रिया तथा केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने जिले के सभी पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
इस शिविर में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, तीनों विद्युत प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।









