
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के द्वारा आज ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का निर्धारित त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा गोदाम की सुरक्षा एवं निर्वाचन संबंधी उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित उप निर्वाचन पदाधिकारी, समस्तीपुर विनोद कुमार को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित SOP (Standard Operating Procedure) के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मानक के अनुरूप बनाए रखने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने भी ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा सुरक्षा में तैनात कर्मियों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई तथा अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने को कहा।
निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार , वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार वर्णवाल, अग्निशमन पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण एवं ईवीएम-वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षा कर्मी उपस्थित थे।









