सांसद निधि से हाईमास्क लाइट से जगमगाया विद्यापतिधाम मंदिर परिसर ।श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को लेकर न्यास समिति की पहल, सांसद सह गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रति जताया आभार ।
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:जिले ऐतिहासिक विद्यापतिधाम मंदिर परिसर अब हाईमास्क लाइट की दूधिया रोशनी से जगमगा उठा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं रात्रिकालीन आवागमन को ध्यान में रखते हुए श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति द्वारा सांसद सह गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मंदिर परिसर में हाईमास्क लाइट लगवाने को लेकर पत्राचार किया गया था। न्यास समिति के अनुरोध पर सांसद ने संज्ञान लेते हुए सांसद निधि से मंदिर परिसर में हाईमास्क लाइट लगवाने का कार्य कराया। हाईमास्क लाइट के जलते ही पूरा मंदिर परिसर दूधिया रोशनी से नहा उठा। इससे देर शाम एवं रात्रि में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलने के साथ परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। लाइट लगने के बाद न्यास समिति के सदस्यों ने इस कार्य के लिए सांसद सह गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रति आभार व्यक्त किया। न्यास समिति ने कहा कि विद्यापतिधाम जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस प्रकार की आधारभूत सुविधा बेहद महत्वपूर्ण है। समिति ने सांसद द्वारा मंदिर परिसर के विकास एवं श्रद्धालु सुविधाओं को लेकर दिखाई गई संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद दिया। हाईमास्क लाइट लगवाने की पहल को धरातल पर उतारने में भाजपा जिलाउपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने उनके सहयोग के लिए भी आभार जताया।
**राजाचौक भी हाईमास्क लाइट से हुआ रोशन
इधर, सांसद निधि से विद्यापतिनगर के राजाचौक पर भी हाईमास्क लाइट लगाई गई। भाजपा जिलाउपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने विधिवत स्विच ऑन कर लाइट का उद्घाटन किया। लाइट जलते ही पूरा राजाचौक रोशनी से जगमगा उठा। भाजपा जिलाउपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने विद्यापतिधाम मंदिर परिसर एवं विद्यापतिनगर के राजाचौक पर सांसद निधि से हाईमास्क लाइट लगाए जाने पर सांसद सह गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यापतिधाम हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में हाईमास्क लाइट लगना सराहनीय पहल है। इससे रात्रि के समय मंदिर परिसर में पर्याप्त रोशनी रहेगी और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि राजाचौक पर हाईमास्क लाइट लगने से बाजार एवं आसपास का क्षेत्र भी रोशनी से जगमगा उठा है। इससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आम लोगों को रात्रि में काफी सुविधा मिलेगी। सांसद नित्यानंद राय द्वारा क्षेत्र की जनभावनाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सांसद निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से उनका आभार व्यक्त करता हूं। स्थानीय लोगों ने भी सांसद निधि से कराए गए इस कार्य का स्वागत करते हुए इसे मंदिर परिसर एवं चौक की सुरक्षा तथा रात्रिकालीन सुविधा की दिशा में उपयोगी कदम बताया।









