
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। जहां हसनपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने घर के दरवाजे पर सो रहे एक ग्रामीण चिकित्सक की सिर में तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना हसनपुर थाना क्षेत्र के पडोरिया पंचायत के केशोरा गांव के वार्ड 13 की है I जंहा शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने एक ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय गुलजार अहमद उर्फ शाहीन के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक, गुलजार अहमद रात में अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनके सिर में तीन गोलियां मार दीं। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो दरवाजे पर खून से लथपथ उनका शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा, हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। वहीं, FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।









