समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रासपुर पतसिया पश्चिम पंचायत के सुल्तानपुर दियारा इलाके में गुरुवार को दर्दनाक हादसा पेशआयाहै जंहा गंगा नदी में यात्रियों से भरी एक डेंगी नाव अचानक बीच धारा में पलट गई। हादसे के समय नाव पर कुल 14 लोग सवार थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार नाव पर सवार सभी लोग सुल्तानपुर दियारा में परवल की खेती और कारोबार से जुड़े थे। वे पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के उमानाथ घाट से नाव के जरिए दियारा क्षेत्र की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव असंतुलित हो गई और देखते ही देखते पानी में समा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर से बचाव कार्य शुरू कर दिया। इधर हादसे की ख़बर मिलते ही पटना डीएम त्याग राजन और पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंच कर राहत बचाव कार्य का जायज़ा लिया I एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है I घटना में सात लोग लापता हो गए जिनमें से तीन शव को बरामद किया गया है वही अन्य लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। सभी मृतक बिंद टोली गांव के बताए जाते हैं । मृतकों में 18 वर्ष से काशी कुमार , 30 वर्षीय नीलम देवी और 35 वर्षीय सरवन महतो का शव बरामद किया जा चुका है बाकी चार लोगों की तलाश जारी है I घटना के बाद मृतकों और लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।









