
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर बिथान बाजार में बैंक से रुपये निकालकर खरीदारी करने पहुंचे युवक से उच्चको ने झोले से 90 हजार रुपये उड़ा लिये I दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया I पीड़ित ने बिथान थाना में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है I जानकारी के अनुसार सलहा बुजुर्ग गांव निवासी अजय कुमार यादव बिथान बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से 90 हजार रुपये की निकासी कर बाजार में खरीदारी करने पहुंचे थे I बैंक से रुपये निकालने के बाद उन्होंने रुपये से भरा झोला अपनी मोटरसाइकिल में टांग कर पास की एक दुकान पर जूता-चप्पल खरीदने लगे I इसी दौरान उचक्कों ने मौका देखकर मोटरसाइकिल में टंगे झोले से रुपये गायब कर फरार हो गए I खरीदारी के बाद जब अजय कुमार यादव जब मोटरसाइकिल के पास पहुंचे तो झोले में रखा पूरा रुपया गायब पाया I इसके बाद उन्होंने आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिली I घटना को लेकर पीड़ित ने बिथान थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है I इधर, बिथान थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र राजू ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है I बैंक और बाजार परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाला जा रहा हैं I जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जायेगी I









