
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर शहर में इन दिनों सूखे नशे का अवैध कारोबार काफी तेजी से बढ़ गया है। युवा पीढ़ी को गर्त में धकेलने वाले इस काले धंधे के खिलाफ समस्तीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मगरदही घाट के पास से एक ब्राउन शुगर कारोबारी को नशीले पदार्थ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस सम्बंध में एसपी कार्यालय ने प्रेस-विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मगरदही घाट के पास ब्राउन शुगर के साथ एक युवक डिलीवरी करने पहुंचा है। सूचना के बाद नगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर छापेमारी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है । गिरफ़्तार आरोपी की तलाशी के बाद उसके पास से प्रतिबंधित ब्राउन शुगर की 83 पुड़िया बरामद की गईं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड के कामेश्वर प्रसाद के पुत्र उमेश प्रसाद के रूप में की गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और शहर में इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। इस संबंध में नगर थाना अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इस पूरे रैकेट के मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।









