
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क- बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे पुलिस अधिकारियों की कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक थाना प्रभारी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच-31 की है। जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर एक सरकारी वाहन से पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर वापस मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार, आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर और चालक नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।एक साथ तीन थाना प्रभारियों और चालक की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।बेगूसराय के एनएच-31 पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पुलिस विभाग को बड़ा झटका दिया है। एक ही वाहन में सवार तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। इस घटना के संबंध में एसपी मनीष कुमार ने बताया है कि सड़क दुर्घटना में तीन थाना प्रभारी समेत चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया है कि सभी लोग पटना से एक दिवसीय प्रशिक्षण लेकर मधेपुरा जिला लौट रहे थे तभी यह सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ है।
यंहा देखें हादसे की बड़ी खबर









