
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर के पटेल मैदान में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के द्वारा क्रिकेट पिच रोलर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि जिले में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा तथा जिले की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि खेलों के विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्रिकेट पिच रोलर उपलब्ध होने से पटेल मैदान की पिचों का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण रखरखाव सुनिश्चित होगा, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा प्राप्त होगी तथा जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत जिले में खेल सुविधाओं के विकास के उद्देश्य से क्रिकेट पिच रोलर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित एवं खेल प्रोत्साहन से जुड़े कार्यों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








