उत्तर बिहार की पहली महिला न्यूरो सर्जन बनीं डॉ. ज्योति, एमसीएच पूरा कर समस्तीपुर में ही लोगों की सेवा करने का लिया संकल्प । विधायक अजय कुमार ने किया सम्मान ।

समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:समस्तीपुर शहर के मोहनपुर रोड निवासी डॉ. ज्योति उत्तर बिहार की पहली महिला न्यूरो सर्जन बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुकी हैं। नीट के माध्यम से उनका न्यूरो सर्जरी के एमसीएच कोर्स के लिए कोलकाता स्थित प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (आईपीजीएमईआर) में चयन हुआ है।डॉ. ज्योति शहर के जाने-माने सर्जन डॉ. हेमंत कुमार की बहू हैं। उनके चयन पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभूतिपुर के माकपा विधायक अजय कुमार ने मिथिला की संस्कृति के अनुसार उन्हें अंगवस्त्र, पाग और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।

विधायक अजय कुमार ने कहा कि यह गर्व की बात है कि डॉ. ज्योति का चयन न्यूरो सर्जरी के एमसीएच कोर्स के लिए हुआ है। समस्तीपुर को पहली महिला न्यूरो सर्जन मिलने जा रही हैं। उत्तर बिहार सहित पूरे बिहार में न्यूरो सर्जन की काफी कमी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पढ़ाई पूरी करने के बाद डॉ. ज्योति समस्तीपुर में ही लोगों की सेवा करेंगी, जिससे जिले के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
वहीं, इस मौके पर डॉ. ज्योति ने कहा कि एमसीएच की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह समस्तीपुर में ही लोगों की सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता के लिए ससुर डॉ. हेमंत कुमार, पति डॉ. स्वप्निल प्रियदर्शी और सास डॉ. पुष्पा रानी के सहयोग के लिए आभार जताया।उन्होंने कहा कि परिवार के सभी लोगों ने उन्हें लगातार सपोर्ट और मार्गदर्शन दिया, जिसकी बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं। सम्मान समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।









