
समस्तीपुर हेडलाइन : समस्तीपुर में बुधवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क हादसे में 8 माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना हथौड़ी थाना क्षेत्र के रोसड़ा-दरभंगा मुख्य पथ की है I मॉर्निंग वॉक के दौरान तेज रफ्तार टाटा 407 ट्रक ने 35 वर्षीय अंकिता गुप्ता को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य सड़क जाम कर हंगामा किया। मृतका की पहचान हथौड़ी थाना क्षेत्र के रहटौली गांव के वार्ड संख्या-5 निवासी अंकिता गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार सुबह अंकिता अपने परिवार के सदस्यों के साथ सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान रोसड़ा की ओर से तेज गति से आ रहे टाटा 407 ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकिता की मौके पर ही मौत हो गई।परिजनों के अनुसार अंकिता आठ माह की गर्भवती थीं। उनके पहले से तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे में दो बच्चे भी घायल हो गए ।जिससे स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।अंकिता के पति रोशन सहनी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है ।हादसे के बाद चालक ट्रक को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोसड़ा-दरभंगा मुख्य पथ को शव के साथ जाम कर दिया। ग्रामीणों के हंगामे की वजह से सड़क पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मौसम के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल टाटा 407 ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। घटना की सूचना पर अंचल अधिकारी आम्रपाली भी घटनास्थल पर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।









