
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया 24 और 25 अगस्त को पूरी की जायेगी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से काउंसलिंग के उपरांत छात्रों को 24 और 25 अगस्त को डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन, फी डिपोजिट और नामांकन के लिए नोटिस जारी किया गया है। सभी स्नातक विषयों के लिए 26075 रूपए जबकि बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक के लिए 51075 रूपए फीस है। अनुसूचित जाति जनजाति के लिए यह फीस क्रमशः 22875 रूपये एवं 47875 रूपए होगी। विश्वविद्यालय में नामांकन के लिए सीयूइटी के प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंक को आधार बनाकर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की काउंसलिंग के उपरांत होता है। राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की सभी रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए ज्यादातर उच्च रैंक वाले छात्रों के नामांकन लिए जाने की संभावना है। विश्वविद्यालय में नामांकन के लिए देश भर के छात्र लालायित रहते हैं। पिछले वर्ष भी विश्वविद्यालय में 27 राज्यों के छात्रों ने नामांकन लिया। नामांकन की प्रक्रिया को लेकर कुलपति डॉ पी एस पांडेय ने विभिन्न कमिटीयों का गठन किया है जिसकी मॉनीटरिंग उनके नेतृत्व में कि जा रही हैं। छात्रों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय के द्वारा नामांकन के लिए एकल खिड़की व्यवस्था की जा रही है I
विश्वविधालय के कुलपति डॉ पी एस पांडेय का कहना है कि विश्वविद्यालय में छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुसंधान की गुणवत्ता, और उच्च दक्षता वाले शिक्षकों को देखते हुए देश भर के सबसे बेहतर प्रतिभा वाले छात्र यहां नामांकन लेते हैं। उन्होंने कहा छात्र ही देश का भविष्य हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में इनका अहम योगदान होगा इसलिए विश्वविद्यालय उनके चरित्र निर्माण, स्किल डेवलपमेंट एवं समग्र विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ पी के प्रणव ने कहा कि नामांकन के उपरांत छात्रों का दीक्षारंभ कार्यक्रम 28 अगस्त से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पांडेय की दीक्षारंभ की संकल्पना अब पूरे देश में लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कुलपति डॉ पांडेय छात्रों के समग्र विकास को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं। देश निर्माण में दीक्षारंभ की भूमिका को देखते हुए उन्हें हमेशा इसके जनक के रूप में याद किया जाएगा। दीक्षारंभ के दौरान योग एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। देश में विशिष्ट योगदान देने वाले अतिथि भी छात्रों के साथ संवाद करेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे। छात्रों और अभिभावकों के लिए पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी भोजन आवास आदि की सुविधा उपलब्ध कराये जाने की संभावना है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा नामांकन तिथि के एक दो दिन पहले की जायेगी। इस वर्ष स्नातक के लगभग चार सौ एवं स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के दो सौ सीटों पर नामांकन लिया जाने की संभावना है।









