समस्तीपुर गणेश पूजा का मेला देख दोस्तों के साथ घर लौट रहे युवक की ई-रिक्शा पलटने से मौत ।

समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। गणेश पूजा का मेला देख कर अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहे युवक की मौत ई-रिक्शा ( टोटो )पलटने से हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि पूसा थाना क्षेत्र के मालीनगर ठहरा वार्ड संख्या-8 निवासी शत्रुघ्न पासवान के पुत्र रविंद्र कुमार अपने चार दोस्तों के साथ ई – रिक्शा से मेला देखने गया था। वह घर लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जाता हैं कि ई-रिक्शा (टोटो) अचानक सड़क पर पलट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों की सूचना पर परिजन उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। उधर हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन भाइयों में सबसे छोटे रविंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चार दोस्तों के साथ गया था मेला देखने
मृतक की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के माली नगर ठहरा वार्ड संख्या-8 निवासी शत्रुघ्न पासवान के पुत्र रविंद्र कुमार के रूप में हुई है। मृतक के चाचा नथुनी पासवान ने बताया कि रविंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। रविंद्र अपने चार दोस्तों के साथ ई – रिक्शा (टोटो) से गणेश पूजा का मेला देखने निकला था। मेला देखने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों ने तत्काल घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। परिजन बिना देर किए उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
घर में मचा कोहराम
रविंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर से वह कुछ घंटे पहले पूजा और मेला देखने के लिए निकला था, उसी घर में उसकी मौत की खबर पहुंच गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर चकमहेसी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।
चकमहेसी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सहनी ने बताया कि ई – रिक्शा (टोटो) पलटने से युवक के घायल होने और इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी आवेदन प्राप्त होने के बाद शुरू कराई जाएगी।









