मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुली विद्यापतिधाम मंदिर की दान पेटी ।न्यास समिति के सदस्यों व थानाध्यक्ष की उपस्थिति में हुई राशि की गिनती, बैंक खाते में जमा कराने का निर्देश

समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क:समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रसिद्ध विद्यापतिधाम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई दान राशि को लेकर मंगलवार को पारदर्शिता के साथ प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की गई। श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति के अधीन मंदिर परिसर में रखी दान पेटी को कार्यपालक दंडाधिकारी सह मजिस्ट्रेट जय किशन कुमार, थानाध्यक्ष सूरज कुमार, एएसआई जितेंद्र कुमार तथा न्यास समिति के सदस्यों की मौजूदगी में खोला गया। दान पेटी खोलने के बाद उसमें से निकली राशि 247,680 रुपये की व्यवस्थित तरीके से गिनती की गई। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं न्यास समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई। दान पेटी से प्राप्त राशि की गिनती के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। गिनती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यपालक दंडाधिकारी जय किशन कुमार ने न्यास समिति के कोषाध्यक्ष को दान पेटी से प्राप्त 247,680 (दो लाख सैतालिस हजार छ सौ अस्सी रुपये) संपूर्ण राशि मंदिर के नाम से संचालित बैंक खाते में जमा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही राशि को मंदिर के बैंक खाते में जमा कर उसकी विधिवत प्रविष्टि एवं अभिलेख संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया। न्यास समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित दान राशि मंदिर की धार्मिक गतिविधियों, रखरखाव, सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में नियमानुसार उपयोग की जाती है। प्रशासनिक निगरानी में दान पेटी खोलने और राशि को बैंक खाते में जमा कराने की प्रक्रिया से मंदिर की आय-व्यय व्यवस्था में पारदर्शिता को और मजबूती मिलेगी। इस मौके पर न्यास समिति के सचिव नवीन कुमार गिरि, कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज, सदस्य हरिओम गिरि, प्रवीण कुमार गिरि, दीनदयाल गिरि, जोखन राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









