
समस्तीपुर हेड लाइन डेस्क : समस्तीपुर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति का गठन शनिवार को चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न हो गया। सदर अनुमंडल परिसर स्थित सभा कक्ष में निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में मतदान कराया गया, जिसके बाद सात पार्षदों को समिति का सदस्य चुना गया। चुनाव परिणाम के अनुसार वार्ड संख्या 12 की अर्चना कुमारी, वार्ड 14 के रंजीत कुमार साह, वार्ड 15 के विकास कुमार, वार्ड 16 के चंदन कुमार, वार्ड 26 की रजिया खातून, वार्ड 32 की ममता कुमारी तथा वार्ड 37 के शिव शंभू कुमार सशक्त स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर मेयर अनिता राम ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मेयर ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति नगर निगम की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विकास योजनाओं की स्वीकृति, बजटीय प्रबंधन, प्रशासनिक निर्णयों और विभिन्न परियोजनाओं के संचालन में समिति की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।









