
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले में बढ़ते अपराध और लंबित मामलों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने बैठक में थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि थाना आने वाले आमजनों से गलत व्यवहार करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई फरियाद लेकर थाना आता है, तो उसे गंभीरता से लेंगे। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थानाध्यक्ष अपने अपने थाना क्षेत्रों में गश्ती पर विशेष ध्यान देते हुए गश्ती बढ़ाएंगे। एसपी ने थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता अपेक्षित है। थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि सुस्त थानाध्यक्ष सुधर जाए और अपनी कार्यशैली में सुधार लाए, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहे। जो बेहतर करेंगे उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा और खराब प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
बैठक के दौरान कई थाना क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने संबंधित थानाध्यक्षों को फटकार लगाई गई तथा कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी गई। बैठक में पिछले एक माह के दौरान हुई कानूनी कार्रवाई, लंबित मामलों के निष्पादन, अपराधियों की गिरफ्तारी और जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।









