
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : 31 मई, विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा रेलवे परिसर में एक दिवसीय तम्बाकू निषेध प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ० श्रीप्रकाश, सीनियर डीएमई दुर्गेश कुमार सिंह, कृष्ण भाई जी, सविता बहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि तंबाकू के सेवन से प्रति वर्ष 80 लाख लोगों की मृत्यु होती है I भारत में ही केवल साढ़े 13 लाख लोगों की मृत्यु का कारण किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन है। यह मनुष्य को नैतिक एवं चारित्रिक रूप से कमज़ोर बनाता है। साथ ही यह पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरण की दृष्टि से अवनति का कारण भी बनता है। समस्तीपुर रेल मंडल ब्रह्माकुमारी के मेडिकल विंग का धन्यवाद करता है कि रेल यात्रियों को जागरूक करने के लिए आप हर वर्ष रेलवे परिसर को पसंद करते हैं।
इस मौक़े पर बीके तरुण ने कहा कि तम्बाकू में 70 प्रकार के ऐसे रसायन होते हैं जो कैंसर का कारण बनते हैं। मुँह और फेफड़ों के 90 प्रतिशत कैंसर का कारण तंबाकू का किसी न किसी रूप में सेवन करना है। हर छह सेकेंड में एक मृत्यु का कारण तंबाकू का सेवन है। ब्रह्माकुमारी द्वारा सिखाए जा रहे राजयोग प्रशिक्षण की बदौलत संस्थान के लाखों भाई-बहन नशे से पूर्णतया मुक्त हैं और इस जीवन शैली द्वारा करोड़ों लोगों को नशामुक्त बनाने में महती भूमिका अदा कर रहे हैं। संस्थान के इन्हीं कार्यों को देखते हुए भारत सरकार के मंत्रालयों ने नशा मुक्त भारत अभियान में इसे अपना महत्वपूर्ण साझीदार बनाया है।
सविता बहन ने राजयोग मेडिटेशन द्वारा मन को सशक्त करने की विधि बताई एवं गहन शांति की अनुभूति कराई।
ओम प्रकाश भाई ने उपस्थित सभी लोगों से नशा मुक्ति का संकल्प करवाया।

कृष्ण भाई जी ने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया।
प्रदर्शनी में आने वाले लोगों से नशा मुक्ति दान पेटी में नशे का दान लेकर उन्हें इससे सदा मुक्त होने के लिए तीन दिवसीय नि:शुल्क राजयोग प्रशिक्षण का रजिस्ट्रेशन भी करवाया गया।









