
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बढ़ौना पंचायत के चतरा गांव में शुक्रवार की मध्य रात्रि विद्युत स्पर्शाघात से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई । इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है I घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि पंखे में विद्युत प्रवाहित हो रही थी और उसके संपर्क में आने से घर में सो रहे मां-बेटे को जोरदार करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए । परिजनों के द्वारा आनन-फानन में दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई I मां – बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है । मृतक की पहचान चतरा गांव के वार्ड संख्या-15 निवासी कन्हैया पासवान की पत्नी रंगीला देवी और छह वर्षीय पुत्र रतन कुमार के रूप में की गई है I
हादसे के संबंध में मृतक के परिवार वालों का कहना है की दोनों एक साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान उनके पास रखा स्टैंड पंखा अचानक गिर पड़ा। बताया जाता है कि पंखे में विद्युत प्रवाहित हो रही थी। पंखा गिरते ही रंगीला देवी उसकी चपेट में आ गईं। कुछ ही क्षणों में मां-बेटे की जिंदगी खत्म हो गई। रात में चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों अचेत हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की है।









