
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : इश्क़ की एक ऐसी कहानी, जिसने रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार कर दिया। समस्तीपुर में चचेरे भाई-बहन के प्रेम संबंध का मामला सामने आया है । दोनों नाबालिग बताए जा रहे हैं और परिवार के विरोध के बावजूद साथ रहने की जिद पर अड़े हैं । आरोप है कि पंचायत के फैसले के बाद दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई, सिर मुंडवाया गया, चेहरे पर कालिख पोती गई और गांव से निकाल दिया गया । घटना समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र का है, जहां चचेरे भाई-बहन के प्रेम संबंध ने पूरे इलाके को शर्मसार कर दिया।दोनों एक ही आंगन में रहते थे और बचपन से साथ रहने के दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं। परिजनों के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले दोनों को घर के एक कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था।
बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों घर छोड़कर रांची चले गए और वहीं शादी कर ली। दोनों की उम्र करीब 16 से 17 साल बताई जा रही है। जब परिवार और गांव वालों को इसकी जानकारी मिली तो उन्हें फोन कर वापस गांव बुलाया गया। 22 जून की रात दोनों गांव पहुंचे, जहां परिजनों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने अलग होने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वे साथ जिएंगे और साथ ही मरेंगे। मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों परिवारों के साथ गांव के लोग भी शामिल हुए। पंचायत में दोनों से अलग-अलग उनकी राय पूछी गई। तब लड़की ने लड़के के साथ रहने की इच्छा जताई। पंचायत में भी दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की बात दोहराई ।आरोप है कि इससे नाराज परिजनों और गांव के लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई की। उनके बाल काट दिए गए, सिर मुंडवा दिया गया और सिर पर कालिख और चूना लगा कर दोनों को धक्के मारकर गांव से बाहर निकाल दिया गया। जख्मी स्थिति में दोनों सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया । हालांकि, अस्पताल में भीड़ जुटने लगी तो दोनों वहां से फरार हो गए । पीड़ित लड़की का बताना है कि पंचायत के बाद मेरे माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई फिर बाल मुड़वा कर गांव से दोनों को भगा दिया गया है ।
घटना के संबंध में पूसा थानाध्यक्ष का बताना है कि सूचना के बाद पुलिस टीम गांव भेजी गई थी, लेकिन वहां किसी के द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई I सदर अस्पताल में भी पुलिस ने प्रेमी युगल की तलाश की। लेकिन वहां से भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला I अगर पीड़ित के द्वारा शिकायत मिलती है तो आगे दोनों के बयान के आधार पर
कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









