
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने, आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों-युवाओं की रिहाई, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, एनटीए को भंग करने, एनपीए को रद्द करने तथा छात्र आंदोलनों पर पुलिसिया कार्रवाई बंद करने की मांग को लेकर बिहार बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आइसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) के बैनर तले समस्तीपुर में मशाल जुलूस निकाला गया।
जुलूस का नेतृत्व आइसा के जिला अध्यक्ष लोकेश कुमार, जिला सचिव लोकेश राज एवं जिला उपाध्यक्ष दीपक यादववंशी ने किया। मशाल जुलूस शहर के मालगोदाम चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेशन चौक स्थित गांधी स्मारक पहुंचा, जहां जोरदार नारेबाजी के बाद सभा आयोजित की गई।









