
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनधारा रुपौली गांव में रविवार की रात पारिवारिक विवाद में एक दामाद ने अपने ससुर पर धारदार हथियार से हमला कर गला काट दिया , जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान बनधारा रुपौली गांव के बीजो दास के रूप में हुई है। आरोपी की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर गांव के जितेंद्र दास के रूप में हुई है। परिजनों का बताना है की बीजो दास की पुत्री और जितेंद्र दास के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों के रिश्तों में लगातार तनाव बना हुआ था। कुछ दिन पहले बीजो दास अपनी बेटी को उसके ससुराल से वापस मायके ले आए थे। उन्होंने दामाद को अपने व्यवहार में सुधार करने की सलाह भी दी थी। दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए पंचायत बुलाने की तैयारी चल रही थी। बताया जाता है कि रविवार रात जितेंद्र दास ससुराल पहुंचा। इस दौरान बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर उसने धारदार हथियार से बीजो दास के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बीजो दास को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया , जंहा रास्ते में ही उसकी मौत हो गई । घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश में जुट गई है I वही एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच-पड़ताल कर रही है । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर एसडीपीओ-1 सह एएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। देर रात उसके चांदचौर स्थित घर पर भी पुलिस पहुंची, लेकिन वह फरार मिला। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









