
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र में एक होम्योपैथीक चिकित्सक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उनका शव घर से करीब 200 मीटर दूर एक गाछी के गड्ढे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के दक्ष गांव वार्ड संख्या-10 निवासी शंभू प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की साइकिल, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त तेजधार चाकू भी बरामद किया है। मृतक के भाई का बताना है कि शंभू प्रसाद सिंह पिछले करीब 20 वर्षों से होम्योपैथीक चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे और बंगरा मुरादपुर में अपना क्लीनिक चलाते थे। रोज की तरह वह क्लीनिक गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। बुधवार सुबह ग्रामीणों के द्वारा शव मिलने की सूचना मिली I शंभू प्रसाद सिंह के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। वह होम्योपैथीक चिकित्सा के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों का कहना है कि उनका गांव में किसी से कोई विवाद भी नहीं था । घटना की सूचना मिलते ही बंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से मिले चाकू और अन्य समान बरामद कर लिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के संबंध में एएसपी संजय कुमार पांडे का बताना है कि शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी जब घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तो शव के गले पर तेज धारदार हथियार से गला रेता हुआ पाया । पास से कुछ समान भी बरामद हुआ है । पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द मामले के खुलासा कर लेगी I









