
समस्तीपुर हेडलाइन डेस्क : समस्तीपुर के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के शाहरु गांव में सेप्टिक टैंक की सेंटरिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से एक मजदूर की मौत हो गई , जबकि तीन अन्य मजदूर बेहोश हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया है । घटना के संबंध में बताया जाता है की शाहरु गाँव के पलटन ठाकुर ने अपने पुराने मकान में कुछ दिन पहले एक सेप्टिक टैंक बनवाया था। सोमवार को टैंक के अंदर लगी सेंटरिंग खोलने के लिए मिस्त्री और मजदूर के साथ टैंक में उतरे थे। बताया जा रहा है कि अंदर जहरीली गैस भरी हुई थी। टैंक में उतरते ही एक-एक कर बेहोश होने लगे । चीख पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से सभी लोगों को बाहर निकाल कर शिवाजीनगर प्राथमिक उपचार केंद्र में भर्ती कराया है I जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने एक मजदूर पलटन ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन का इलाज जारी है I इनमें से दो मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान 60 वर्षीय पलटन ठाकुर के रूप में हुई है। वहीं बेहोश मजदूरों में बहेरी निवासी कन्हाई मंडल, शाहरु गांव के झिलमिल दास और अजय गाढ़ा शामिल हैं।

घटना के संबंध में शिवाजीनगर थाना प्रभारी रबींद्र कुमार का बताना है की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।









